जूडो: इंदौर में दांव लगाएंगे जबलपुर के जांबाज खिलाड़ी

जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन द्वारा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं अंतर्राष्ट्रीय कैडेट व जूनियर प्रतियोगिताओं हेतु राष्ट्रीय टीम के चयन के उद्देश्य से राज्य कैडेट एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग जूडो सिलेक्शन ट्रायल्स का आयोजन 07 जून को नेहरू स्टेडियम हॉल, इंदौर में किया जा रहा है। जबलपुर जूडो संघ के अध्यक्ष रवि गुप्ता ने बताया कि भारतीय जूडो महासंघ के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता में जबलपुर जिले के 40 किग्रा में अफशीन फातिमा, 63 किग्रा में सोमिया सिद्दीकी, 50 किग्रा में विनम्र विश्वकर्मा, 55 किग्रा में सम्राट सिंह ठाकुर, 66 किग्रा में अविरल सिंह, 100 किग्रा में अयूष मिश्रा भाग लेंगे। इनका मार्गदर्शन कोच बुशरा अंजुम करेंगी। इस ट्रायल में तकनीकी अधिकारी के रूप में जबलपुर जिला जूडो संघ के सचिव एवं वरिष्ठ जूडो कोच आबिद हुसैन खान तथा एडवोकेट अताउर्रहमान अंसारी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो वहां रेफरी व तकनीकी व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे।



