सीएम डॉ. मोहन यादव के बयान पर भड़का गुस्सा

जबलपुर दर्पण । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ कथित रूप से की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर युवा कांग्रेस ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया के आह्वान पर जबलपुर शहर युवा कांग्रेस ने हनुमानताल परिसर में “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन कर मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और उनके बयान के खिलाफ नाराजगी जताई। आयोजन में विधिवत हवन-पूजन किया गया और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री के नाम की आहुतियां दी गईं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोनू कुकरेले और अभ्युत बाजपेयी ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक और गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और युवा कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं करेगी। यदि भाजपा नेताओं द्वारा विपक्ष के प्रति इस तरह की अमर्यादित भाषा और व्यवहार जारी रहा, तो युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में जिलेभर में व्यापक आंदोलन करेगी। इस अवसर पर भानु यादव, राजा रैकवार, मोंटी वंशकार, कपिल भोजक, नितिन सिंह, सौरभ यादव, शिशांत सिंह ठाकुर, गौरव ठाकुर, प्रवीण चौधरी, राजेश केसरवानी, शिवम् यादव, सागर भारद्वाज, आयुष नेमा, रोहित पसेरिया, नयन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।



