रानी दुर्गावती संग्रहालय के बाहर गंदगी का अंबार, तीन सप्ताह से नहीं हुआ कचरा उठान

जबलपुर दर्पण । शहर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों में शामिल रानी दुर्गावती संग्रहालय के आसपास इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। भंवरताल गार्डन के समीप स्थित संग्रहालय परिसर के बाहर कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पिछले तीन सप्ताह से कचरा उठान नहीं हुआ है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को सूचना और शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगातार जमा हो रहे कचरे के कारण दुर्गंध फैलने लगी है और स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर की पहचान माने जाने वाले इस ऐतिहासिक स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।



