अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के उपलक्ष्य में बरेका कर्मचारी क्लब एवं संस्थान अंतर्गत शिवांशी फिटनेस जोन में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । बनारस के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के उपलक्ष्य में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कर्मचारी क्लब एवं बरेका संस्थान के अंतर्गत संचालित शिवांशी फिटनेस जोन में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बरेका के कर्मचारी और उनके परिवारजन तथा स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक सहभागिता लेकर अभ्यास कर रहे हैं।
योगाभ्यास सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत प्राणायाम, भुजंगासन, ताड़ासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों एवं श्वास संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, योग के माध्यम से शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक संतुलन एवं तनावमुक्त जीवन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। शिवांशी फिटनेस जोन की संचालिका श्रीमती बिंदु सिंह तथा कर्मचारी क्लब के कर्मचारी योग अभ्यास सरोज कुमार द्वारा नियमित रूप से योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने में भी सहायक सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम में श्रीमती बिंदु सिंह के नेतृत्व में महिला प्रतिभागी उत्साहपूर्वक नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग जीवन अपनाने का संकल्प ले रही हैं।



