ढीमरखेड़ा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित, 25 हितग्राहियों का उपकरण वितरण हेतु चयन

सतीश चौरसिया उमरियापान जबलपुर दर्पण। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए दिव्यांगजनों ने भाग लिया । कुल 37 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराकर चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराईं ।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने बताया कि पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों में 28 अस्थि दिव्यांग, 3 नेत्र दिव्यांग, 4 मानसिक दिव्यांग तथा 2 श्रवण बाधित दिव्यांग शामिल रहे । सभी दिव्यांगजनों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण एवं आवश्यकता के अनुरूप मूल्यांकन किया गया ।
शिविर में मौजूद एलिम्को की विशेषज्ञ टीम ने परीक्षण के उपरांत 25 दिव्यांगजनों का विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयन किया । चयनित हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग एवं अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कोरी ने बताया कि शासन की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक कार्यों में आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है । उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें ।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों का पंजीयन, परीक्षण एवं चिन्हांकन कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ । इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा एलिम्को की टीम ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाया । उपस्थित अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की ।



