प्रशासन नहीं जागा तो समाजसेवी आए सामने, सेंट मैरी स्कूल के सामने भरवाए सड़क के गड्ढे

जबलपुर दर्पण । शहर में जर्जर सड़कों की समस्या लगातार बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से सुधार की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। ऐसे में जब प्रशासन नहीं जागा, तो समाजसेवी आगे आए।
सेंट मैरी स्कूल के सामने लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए समाजसेवी तुषार शर्मा ने स्वयं पहल करते हुए सड़क के गड्ढों को भरवाया। उनके इस प्रयास से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों को राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन भी जल्द शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएगा।



