निर्माण कार्य में घोर लापरवाही! करमचंद चौक रोड पर चार महीने से फैले पावर ब्लॉक्स, यातायात प्रभावित

जबलपुर दर्पण । शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल करमचंद चौक रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। सड़क पर कई स्थानों पर पावर ब्लॉक्स लंबे समय से बिखरे पड़े हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार महीने से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया जा सका। सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दिनभर जाम जैसी स्थिति बनती रहती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार जब जोन-13 के स्टोर कीपर से पावर ब्लॉक्स हटाने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि संबंधित ठेकेदार छुट्टी पर है और वही तय करेगा कि सामग्री कब हटाई जाएगी। इस जवाब के बाद लोगों ने नगर निगम की निगरानी व्यवस्था और ठेकेदार की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। रहवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई या विलंब पर जुर्माना क्यों नहीं लगाया जा रहा। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क पर फैली सामग्री के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर फैले पावर ब्लॉक्स तत्काल हटाए जाएं, निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।



