विधिवत विद्युत कनेक्शन लेकर ही पंडालों में हो साज-सज्जा करें : प्रभारी आयुक्त

जबलपुर दर्पण। दशहरा पर्व के उपलक्ष में शहर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं की समितियों से प्रभारी आयुक्त महेश कुमार कोरी ने विधिवत विद्युत कनेक्शन लेकर ही धार्मिक आयोजन संपन्न कराने एवं साज-सज्जा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समितियों से कहा कि विधिवत रूप से विद्युत कनेक्शन न लेने की स्थिति में यदि कोई दुर्घटना होती है, तो इसके लिए नगर निगम प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा एवं समितियां इसके लिए उत्तरदायी होंगी। प्रभारी आयुक्त श्री कोरी ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करते हुए पंडालों में दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की जाती है, किसी प्रकार का कोई दुर्घटना अथवा जन हानि होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए प्रभारी निगमायुक्त ने जी.एस. मरावी कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री संदीप जायसवाल को निगरानी रखने और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।



