पुलिस की निष्क्रिय कार्य प्रणाली के चलते जगह-जगह बिक रही अवैध शराब
गांव के जागरूक युवाओं ने पकड़ी शराब की खेप।

डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय सहित गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है, जहां शराब माफिया हर दिन सुबह शाम गांव गांव तक अवैध शराब की सप्लाई करते नजर आते हैं, लेकिन इन अवैध शराब माफियाओं के ऊपर कार्यवाही ना होने से शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला पिछले दिनों कोतवाली अंतर्गत खरगहना गांव में सामने आया, जहां प्रतिदिन की भांति उस दिन भी अवैध शराब तस्कर बड़ी मात्रा में शराब की खेप लेकर खरगहना गांव पहुंचे थे, लेकिन गांव के जागरूक युवाओं द्वारा अवैध शराब को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई,मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शराब तस्करों सहित तीन पेटी अवैध शराब को पकड़कर कोतवाली ले आई, जहां आगे की कार्यवाही की गई।
- गांव गांव पहुंचाई जाती है शराब की खेप।
जिला मुख्यालय सहित गांव गांव में अवैध शराब तस्कर सक्रिय है, जो सुबह शाम गांव गांव तक अवैध शराब की खेप पहुंचा रहे हैं, जिन्हें रोकने जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही, यही कारण है कि धड़ल्ले से शराब तस्कर गांव गांव में शराब की खेप पहुंचा रहे हैं। गांव में आसानी से शराब उपलब्ध होने के चलते युवा पीढ़ी भी अवैध शराब की गिरफ्त में आते जा रहे है,बावजूद पुलिस विभाग द्वारा जिम्मेदार शराब तस्करों के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की जाती, जिससे दिनोंदिन अवैध शराब की तस्करी धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द अवैध शराब पर रोक लगाकर शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है, ताकि युवा पीढ़ीओं को नशे की लत से बचाया जा सके।


