पत्रकारिता के लिए कठिन समय, लेकिन रास्ता निकलेगा

कटनी पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल की पत्रकार साथियों से चर्चा
शहर में प्रशिक्षण के लिए मीडिया संस्थान की स्थापना पर जोर
कटनी। देश के वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ने राज पैलेस में शहर के पत्रकारों से चाय पर चर्चा की। उन्होंने पत्रकारिता को धर्म बताते हुए कहा कि पत्रकार निडर होकर अपना लेखन कार्य निष्ठा के साथ करें। देश में चल रहीं मौजूदा परिस्थितियों के बीच यह समय चुनौती भरा है परंतु इसके बीच से ही हमें रास्ता निकालना है। पत्रकारिता हर दौर में कठिनाइयों से दो-चार होती रही है, किन्तु लेखनी में वो ताकत होती है कि सत्ताधीशों को भी झुकना पड़ता है। पत्रकारिता में हावी हो रही व्यवसायिकता पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों को जीवन यापन के लिए समझौते करने पड़ रहे हैं, परंतु यदि आप मार्ग से विचलित नहीं हुए तो सिद्धांतों के साथ पत्रकारिता कर सकते हैं। इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए अनेक सवालों के जवाब में राजेश बादल ने कहा कि कोरोना काल में पत्रकारों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बड़े पैमाने पर प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों ने पत्रकारों की छटनी की, लेकिन विश्वास है कि समय के साथ सबकुछ अनुकूल हो जाएगा। उन्होंने सवालों के जवाब में अपने जीवन से जुड़े अनेक ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किये जिनसे नए पत्रकार पे्ररणा ले सकते हैं। बातचीत के दौरान पूर्व विधायक सुकीर्ति जैन, सिटी टेलीवीजन नेटवर्क के संचालक सुनील राधेलिया और यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी ने भी पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान समाजसेवी डॉ ज्योति राजपूत, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राजपूत, राकेश तिवारी, संजय सधेलिया अनंत गुप्ता, जाहिद हुसैन सिद्दीकी, श्याम तिवारी, राजेश पांडे, जितेंद्र कोस्टा, रश्मि राय, अंशुल बहरे मनोज द्विवेदी, विनोद दुबे, नवनीत गुप्ता, नारायण जाटव, राजेश तिवारी, मतीन खान, सूरज शिवेदी, सुशील मिश्रा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ सुरेंद्र राजपूत ने और आभार प्रदर्शन जाहिद हुसैन सिद्दीकी ने किया। कार्यक्रम में वर्तमान पत्रकारिता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल के आग्रह पर सुकीर्ति जैन, सुनील राधेलिया और आशीष सोनी ने शहर के पत्रकारों के लिए एक मीडिया संस्थान कटनी में दिए जाने की योजना पर सम्मिलत प्रयास करने संकल्प लिया ।



