तमाम प्रयासों के बाद भी अवैध रेत खनन पर लगाम लगाने में नाकाम है विभागीय अमला

कमीशन का चल रहा खेल,माफिया कर रहे नर्मदा नदी को छलनी।
डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले में तमाम प्रयासों के बाद भी अवैध रेत खनन पर लगाम नहीं लग रहा, गौरतलब है कि नर्मदा नदी की विभिन्न स्थानों से अवैध रेत का खनन किया जा रहा है। बताया गया कि करंजिया विकासखंड के रूसा कस्बा के नजदीकी ग्राम बंजरटोला एवं रूसा रैयत से रेत का अवैध उत्खनन ठेकेदार द्वारा करवाया जा रहा है। आरोप है कि अनूपपुर के ठेकेदार द्वारा नर्मदा नदी से रेत का अवैध उत्खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है, कार्रवाई के अभाव में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो नर्मदा नदी के घाटों से लम्बे समय से रेत निकालने का अवैध काम बदस्तूर जारी है।आलम यह है कि खनिज विभाग की अनदेखी के चलते रेत माफियाओं जमकर मुनाफा कमा रहे हैं। लंबे समय से अवैध उत्खनन के लिए प्रसिद्घ क्षेत्रों में अब भी प्रशासन की नजर नहीं पहुंच पा रहा है। गौरतलब है कि प्रदेश शासन ने अवैध उत्खनन को रोकने लंबे समय से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जारी निर्देशों में कहा गया कि नर्मदा सुरक्षित रखने की मंशा से नर्मदा किनारे 5 किमी के दायरे में भी उत्खनन नहीं किया जाएगा। बावजूद इसके खनन माफिया शासन के निर्देशों को ठेंगा दिखाकर दिन रात अवैध उत्खनन करने में लगे हुए हैं।
- शासन प्रशासन के सामने रेत माफियाओं के सूचना तंत्र मजबूत।
शासन प्रशासन के सामने अवैध उत्खनन कारीयों का सूचना तंत्र मजबूत है, प्रशासन की कार्यवाही से पहले ही अवैध उत्खनन कारी मौके से भाग खड़े हो रहे हैं, ऐसे में विभागीय कार्यवाही करना मुश्किल नजर आ रहा है। जिससे अवैध उत्खनन के लगातार बढ़ने और विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई के अभाव में रेत माफियाओं अपने काम बखूबी से अंजाम दे रहे हैं। विभाग के अधिकारी जब कार्रवाई के लिए निकलते हैं तो खनन माफियाओं को इसकी जानकारी मिल जाती है, जिसमें उस दिन खनन माफिया रेत की निकासी बंद रखते हैं। दूसरी ओर यदि विभागीय अधिकारी निरीक्षण के लिए क्षेत्र में जाते हैं, लेकिन जहां अवैध खनन होता है, वहां वे पहुंच नहीं पाते। ऐसे में खनन माफिया फायदा उठाकर धड़ल्ले से खनन कर रहे हैं और विभाग द्वारा अवैध खनन करने वालों के ऊपर सख्त कार्रवाई न करना सवालों के घेरे में है।



