ग्राम पंचायत सारंगपुर पड़रिया में मिलीभगत करके किया भ्रष्टाचार

जिम्मेदारों ने निजी स्वार्थों में कराए हितग्राही मूलक के कार्य।
डिंडोरी/शाहपुर दर्पण। जिले के जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंगपुर पड़रिया में पंचायत कर्मियों के द्वारा भ्रष्टाचार करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम पंचायत के सरपंच पुष्प लता परस्ते व सचिव राजेश मसराम के द्वारा उपयंत्री पवन पटेल से मिलीभगत करके जमकर मनमानी बरती गई। जिम्मेदार लोगों के द्वारा ही मिलीभगत से शासन को लाखों रुपए का चूना लगाया जा चूका है, और भ्रष्टाचार करने का सिलसिला नहीं थम रहा। जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं, मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने जनसुनवाई में कलेक्टर से जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी कर चूके हैं, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही है कार्रवाई।
आरोप है कि परमेश्वर योजना की राशि का बंदरबांट किया जा रहा है, जबकि विकास कार्यों के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। वर्ष 2019-20 में स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण का कार्य पंचायत द्वारा करवाया गया। बताया गया कि ग्वारा में सीसी सड़क निर्माण कार्य किए जाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन बिना सीसी सड़क निर्माण कार्य के ही लगभग सात लाख रुपए की राशि मनमानी पूर्वक निकाली गई, जबकि जमीनी स्तर पर सड़क का निर्माण कार्य नाममात्र का ही हुआ है। इससे पहले भी सरपंच एवं सचिव द्वारा वर्ष 2017 में स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्य राजा राम के घर से भगत के घर तक लागत लगभग-लगभग पांच लाख रुपए बिना निर्माण कार्य कराए ही फर्जी बिल लगाकर राशि आहरित कर ली गई। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शासन,प्रशासन सहित जन प्रतिनिधियों से शिकायत कई बार की गई,लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पंचायत में की भ्रष्टाचार की जांच करने की मांग की जा रही है।



