जिले के ग्रामीण अंचलों में गर्मी का मौसम शुरू होते ही गहराने लगा है जल संकट


डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के ग्रामीण अंचलों में गर्मी का मौसम शुरू होते ही जल संकट गहराने लगा है। लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था करने में काफी परेशानी हो रही है, ग्रामीण महिलाएं दैनिक कार्यों को छोड़कर पानी के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटकती नजर आ रही है।गौरतलब है कि जिले के अधिकतर हैंडपंप बिगड़े हुए हैं ,मेंटेनेंस के अभाव में ग्रामीण अंचलों में लगे अधिकतर हैंडपंप दम तोड़ रहे हैं और कुछ हैंडपंपों से सीमित मात्रा में ही पानी निकल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई हैंडपंप बिगड़े होने से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पीने की पानी उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे इन दिनों गर्मी के मौसम में ग्रामीण अंचलों के दर्जनों गांवों में जल संकट गहराया हुआ है,बावजूद शासन प्रशासन द्वारा बिगड़े हैंडपंप कि सुधार कार्य करने कोई पहल नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द गांव गांवों में बिगड़े पड़े हैंडपंपों की सुधार कार्य करवाए जाने की मांग की जा रही है। हालांकि जिले के कुछ गांवों में नल जल योजना के तहत घरों में पानी की सप्लाई भी की जा रही है, जिससे कुछ गांवों के लोगों को राहत है।
– किंवटी तिराहा में महीनों से बंद पड़ा हैंडपंप,अस्तित्व को खतरा।
जिला मुख्यालय के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत किंवटी के मुख्य मार्ग के पास तिराहा में स्थित हैंडपंप महीनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे राहगीरों सहित आसपास के लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।बताया गया कि किंवटी तिराहा में लोगों का आवागमन हमेशा बना रहता है,लोग पीने के पानी के लिए परेशान रहते हैं। तिराहा के पास लगा हैंडपंप का अस्तित्व भी खतरे में है, हैंडपंप के आसपास बड़ी संख्या में मलबा जमा है, समनापुर डिंडोरी मुख्य मार्ग से फिसल कर मिट्टी हैंड पंप के पास जमा हो रही है, जिससे हैंडपंप का अस्तित्व भी ख़तरे में दिख रहा है।
– चांदरानी में लाखों रु पए खर्च कर लगाया गया हैंडपंप अब हो गया खराब।
समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम चांदरानी के पाटन तिराहा के पास शासन प्रशासन द्वारा कुछ महीने पहले ही हैंडपंप लगाया गया है। लेकिन हैंडपंप लगने के कुछ महीने बाद ही हैंडपंप खराब हो गया और पानी निकलना भी बंद है। गौरतलब है कि लाखों रुपए खर्च कर प्रशासन द्वारा अभी हाल ही में हैंड पंप लगवाया है, ताकि ग्रामीणों को पीने की पानी के लिए परेशान होना ना पड़े, लेकिन कुछ महीने चलने के बाद ही हैंडपंप खराब हो गया, जिससे एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ गई है।बताया गया कि जिले के अधिकतर गांवों में नल जल योजना के तहत पानी की सप्लाई नहीं हो रही, जिससे जिले के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट गहराया हुआ है।ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से जल्द से जल्द बंद पड़े हैंडपंप को सुधार कार्य करवाने की मांग की जा रही है।
– दुहनिया के बजार टोला में लगा हैंडपंप से निकलता है गंदा पानी।
जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दुहनिया के बाजार टोला में निवासरत ग्रामीणों को इस दिनों भीषण गर्मी के दौर में हैडपम्प से निकलने वाले जंग युक्त पानी को पीकर अपने कंठो को तर करने विवश होना पड़ रहा है, ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि इस भीषण गर्मी के दौर में भी कैसे हम लोगों को इस जंग युक्त पानी को पीने को मजबूर होना पड़ता है, इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा पी एच ई विभाग में लगातार शिकायतें की जा रही है, परंतु आज तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सुनवाई नहीं कर रहे है। एक तरफ लोग कोविड-19 महामारी से त्रस्त हैं वहीं दूसरी तरफ गंदा जंग युक्त पानी पीकर लोग बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा मांग की गई है, कि जल्द से जल्द हैंडपंप में सुधार कार्य करवाया जाए।



