ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारियों के समर्थन में देश के सभी संगठन हुए एक

जबलपुर दर्पण। कामगार एकता समिति के तत्वावधान में विगत 4 जुलाई को एक वेबीनार का आयोजन किया गया। वेबिनार का मुख्य उद्देश्य निगमीकरण निजीकरण के खिलाफ देशव्यापी स्तर पर फोरम तैयार करना, सभी केंद्र , राज्य, रेल, डिफेंस, बिजली, कोयला, बीमा, पेट्रोलियम, बैंक, इस्पात डॉकयार्ड इत्यादि क्षेत्र के कर्मचारियों को लेकर निजी करण के विरोध में जागरूक करना तथा आम जनमानस के मन में निगमीकरण निजीकरण के विरोध में आंदोलन खड़ा करना। वेबीनार में भारत के सबसे बड़े कर्मचारी नेता शिव गोपाल मिश्रा सचिव नेशनल काउंसिल जेसीएम महासचिव एआईआरएफ संयोजक एनजेसीए, डॉक्टर राघवैया महासचिव एनएफआईआर सह संयोजक एनजेसीए, श्री एसएन पाठक राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलाइज फेडरेशन उपाध्यक्ष हिंद मजदूर सभा सहित रेल, बैंक, बीमा, कोयला ,इस्पात, पेट्रोलियम, शिक्षा सहित लगभग सभी विभागों के कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया। वेबीनार में शासकीय विभागों का निगमीकरण तथा निगमों का निजी करण सहित मुख्य रूप से ऑर्डीनेंस फैक्ट्रीयों के निगमीकरण तथा ऑर्डीनेंस फैक्ट्री कर्मचारियों से हड़ताल का हक छीने जाने का मुद्दा मुख्य रहा । ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री एसएन पाठक जी ने ऑर्डीनेंस फैक्ट्री कर्मचारियों से हड़ताल का अधिकार छीने जाने वाले अध्यादेश का विरोध करने के लिए सभी क्षेत्रों के कर्मचारी नेताओं का आवाहन किया । सभी क्षेत्रों के कर्मचारी नेताओं ने आगामी 8 जुलाई को डिफेंस कर्मचारियों द्वारा मनाए जा रहे काला दिवस के समर्थन में अखिल भारतीय कर्मचारी एकता दिवस मनाए जाने का समर्थन करते हुए ऑर्डीनेंस फैक्ट्री कर्मचारियों के संघर्ष में साथ देने का वादा किया।



