मिट्टी और पत्थर डालकर करते हैं सड़कों की मरम्मत,बारिश में हो जाती है जस के तस

डिंडोरी,समनापुर दर्पण। जिले के जनपद मुख्यालय समनापुर से मानिकपुर, बजाग व गाड़ासरई की ओर जाने वाली मार्ग के समनापुर से जाताडोंगरी तक पहुंचने वाली लगभग दो किलोमीटर मार्ग में गड्डे ही गड्डे नजर आ रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। बताया गया कि सड़कों में गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं भी होना सामने आ रही है, बावजूद स्थाई रूप से गड्ढों को भरने के लिए कोई ठोस पहल करने विभागीय जिम्मेदारों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही,जिससे वाहन चालक परेशान हैं। आरोप है कि सड़कों की मरम्मत कार्य के नाम पर गड्ढों में मिट्टी व पत्थरों से भरकर सड़कों की मरम्मत कार्य कर दी जाती है, जो बारिश होती ही मिट्टी घुलकर बह जाती है और गड्ढों में केवल बड़े-बड़े बोल्डर नजर आने लगते हैं। वाहन चालकों की मानें तो बरसात के मौसम में खासकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि सड़क के गड्ढों में पानी भरा होता है, जिससे वाहन चालकों को यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढा कितना होगा। यही कारण है कि सड़क मार्ग में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होना सामने आ रही है, वाहन चालक गिरकर घायल भी हो रहे हैं, बावजूद सड़क मार्ग का स्थाई पक्की मरम्मत कार्य कराने विभागीय अमला द्वारा कोई ठोस पहल नहीं कर रहा, जिससे लंबे समय से समस्या बनी हुई है। बताया गया कि शासन प्रशासन द्वारा सड़क बनाने व सड़कों की मरम्मत कार्य कराने लाखों करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, बावजूद जिले की अधिकतर सड़कें जर्जर ही नजर आ रही है।



