भवन बनकर तैयार, उद्घाटन का इंतजार, लटक रहा ताला

सरकार द्वारा गांव-गांव नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा मरीजों को मुहैया कराने की मंशा से अस्पतालों की ओर भले ही लाखों रुपये पानी की तरह बहाये जा रहे हो, लेकिन प्रशासनिक तंत्र की बेपरवाही व लापरवाही के कारण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग में व्याप्त भर्राशाही के कारण शासन की योजनाएं ढकोसला ही साबित होकर रह जाती है। तो वहीं दूसरी ओर जिले की कमान संभाल रहे जिम्मेदार अमले द्वारा भी कर्तव्यपरायणता से इति-श्री करने का प्रमाण दिया जा रहा है। जिसके चलते अंतिम छोर में बसे मरीजों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने मे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा ही एक ताजा मामला जिले की रीठी विकास खंड अंतर्गत आने वाली पहाड़ों से घिरी वनांचल ग्राम पंचायत बसुधा में बने वर्षों पुराने उप स्वास्थ्य केंद्र का सामने आया है। बताया गया कि ग्राम पंचायत बसुधा में विगत कई वर्षों पूर्व विभाग द्वारा लाखों रुपये खर्च कर उप स्वास्थ्य केंद्र के नये भवन का निर्माण कराया गया था। जो आज भी मुंह उठाए उद्घाटन की बाट जोह रहा है। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का आज तक उद्घाटन नही हो सका है।
जर्जर होने की कगार पर भवन-वर्षों से उद्घाटन की बाट निहार रहा भवन धीरे-धीरे जर्जर होते जा रहा है। दिवारों में दरारें पड़ने लगी हैं। खिड़की-दरबाजे भी टूट-टूट कर जमीन पर आने की कगार पर पहुंच गए हैं। वहीं कुछ खिड़कियों के पल्ले गायब हो गए हैं। बावजूद इसके प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
बिजली, नल भी लगा लेकिन अब सब गायब-देखा गया कि बसुधा में बने उप स्वास्थ्य केंद्र में बिजली कनेक्शन भी लगा था और बाहर पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंप भी लगा रहा। लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी की वजह से भवन में न तो बिजली है और न ही हैन्डपंप सुरक्षित है। हैन्डपंप का तो हैंडल ही गायब है। अब इसी से जिले के स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भर्राशाही की कल्पना सहज ही की जा सकती है।
सरकारी रूपयों का दुरुपयोग-बसुधा में वर्षो पूर्व बने उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन का आज तक उद्घाटन न होना साफ जाहिर करता है कि अधिकारियों द्वारा सरकारी रूपयों का किस तरह दुरूपयोग कर शासन की योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा है। लाखों की लागत से बना भवन खंडहर होने की कगार पर है।
इनका कहना है-
लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए, कुछ दिन पहले ही मैरे द्वारा उच्चाधिकारीयों को अवगत कराया गया है और बसुधा में बने उप स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही चालू कराने की मांग की गई है।
प्रभारी बीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी- डाक्टर बबीता सिंह।



