आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया में मनमानी के आरोप, अंतिम प्रकाशन पर लगाई जाए रोक

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिले भर के चिन्हित गांवों में चल रहे आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया में मनमानी करने के आरोप लग रहे है। अब मामला सामने आने के बाद बसपा जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर के नाम एसडीएम महेश मंडलोई को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं भर्ती प्रक्रिया की अंतिम प्रकाशन पर रोक लगाए जाने की मांग की गई है। बताया गया कि जिले के समनापुर, करंजिया, मेहंदवानी, शाहपुरा, बजाग, अमरपुर व डिंडोरी जनपदों में आंगनवाड़ी के रिक्त पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जानी है, जहां भर्ती प्रक्रिया में मनमानी करने के आरोप जिला परियोजना अधिकारी पर लग रहे हैं। गौरतलब है कि भर्ती प्रक्रिया में दावा आपत्ति करने की सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें कुछ आवेदन दावा आपत्ति के प्रस्तुत किए गए,लेकिन दावा आपत्ति करने वाले आवेदकों की नहीं सुनी जा रही। एक तरफ शासन प्रशासन द्वारा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए भर्ती आमंत्रण सूचना,भर्ती प्रक्रिया में दावा आपत्ति व भर्ती प्रक्रिया में अंतिम प्रकाशन सूची जारी करने के निर्देश हैं, लेकिन डिंडोरी जिले में आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया में धांधली करने के आरोप लग रहे हैं। जिले भर में भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता लाने के लिए बसपा जिला अध्यक्ष मोहम्मद असगर सिद्दीकी ने जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम महेश मंडलोई को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया की अंतिम प्रकाशन पर निष्पक्ष जांच होने तक रोक लगाए जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जा सके।



