प्रसिद्ध म्यूजिक कम्पनी एचयू भक्ति पर साहित्यकारः गुरुदीन वर्मा

जबलपुर दर्पण। राजस्थान के सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा ब्लॉक के नांदिया गाँव में नियुक्त शिक्षक एवं प्रसिद्ध साहित्यकार गुरुदीन वर्मा द्वारा स्वरचित गीत ” हर हर महादेव बोलो ” विश्व प्रसिद्ध म्यूजिक कम्पनी ” एचयू भक्ति ” पर रिलीज हो गया है जिसको जनता द्वारा बहुत ही पसंद किया जा रहा है और पिछले 24 घण्टों में 23 हजार से भी ज्यादा व्यक्तियों द्वारा यह गीत सुना जा चुका है।
साहित्यकार वर्मा ने मीडिया को बताया कि उनके द्वारा लिखित यह गीत बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका साधना सरगम और राजस्थान के प्रसिद्ध गायक सुखीराम मण्डा की आवाज में रिकॉर्ड किया गया है। इस गीत में संगीत राजेन्द्र सिंह द्वारा दिया गया है।
वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि उनका एक और गीत ” राम के दर्शन को अयोध्या चलो ” भी बहुत ही जल्द इसी म्यूजिक कम्पनी पर रिलीज होगा जो इन्हीं दोनों सिंगर्स साधना सरगम और सुखीराम मण्डा की आवाज में रिकॉर्ड है। सुखीराम मण्डा बॉलीवुड के बहुत प्रसिद्ध सिंगर्स के साथ गीत गा चुके हैं और सुखीराम मण्डा की आवाज में अब तक उनके 8 गीत रिकॉर्ड हो चुके हैं।
ज्ञात हो कि साहित्यकार वर्मा द्वारा 2900 से भी ज्यादा स्वरचित रचनायें हैं जिनमें से 800 से ज्यादा रचनाओं का प्रकाशन पिछले 18 महीनों में 25 से भी ज्यादा समाचार पत्रों और 70 से भी ज्यादा साझा काव्य संग्रहों में हो चुका है। उनकी खुद की 6 एकल काव्य पुस्तकें भी प्रकाशित हो गई है। पिछले 18 महीनों में वह 175 से भी ज्यादा सम्मान पत्र प्राप्त कर चुके है। वह मूलतः बारां जिले के मूलनिवासी है।



