खाद की कालाबाजारी पर लिधौरा तहसीलदार की बड़ी कार्यवाही

टीकमगढ़ जबलपुर दर्पण । लिधौरा तहसीलदार ओमप्रकाश गुप्ता ने नायब तहसीलदार एवं राजस्व अमले के साथ मंगलवार शाम चन्देरा थाना के सामने स्थित कैलाश जैन की खाद दुकान पर छापा मारते हुए बड़ी कार्रवाई की।
सूत्रों के मुताबिक सुबह 11 बजे ही तहसीलदार ने निरीक्षण कर दुकान संचालक को निर्धारित दरों पर खाद बेचने की सख्त हिदायत दी थी, किंतु बाद में जानकारी मिली कि अधिकारी दल के जाते ही दुकान बंद कर दी गई और खाद की कालाबाजारी शुरू कर दी गई। शाम करीब 6:30 बजे तहसीलदार को सूचना मिली कि एक ट्रैक्टर में खाद भरकर कहीं और भेजा जा रहा है। तुरंत टीम ने मौके पर पहुंचकर छापामारी की। जांच में दुकान में करीब 9.5 टन खाद पाई गई। दुकान को दोनों तरफ से सील कर दिया गया और कालाबाजारी में प्रयुक्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में जब्त कर लिया गया।
मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़े रहे, मगर उन्हें खाद नहीं दी गई, जबकि दुकान से ट्रैक्टर में खाद लादकर बाहर भेजी जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार लिधौरा, स्थानीय पटवारी, राजस्व अमला और पुलिस बल मौजूद रहे।



