अंशुमान भार्गव के निधन पर राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने गहन शोक व्यक्त किया

जबलपुर दर्पण। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने अंग्रेजी अखबार दैनिक हितवाद के स्टेट एडिटर अंशुमान भार्गव के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अंशुमान भार्गव के निधन से मध्यप्रदेश ने पत्रकारिता जगत का एक चमकता सितारा खो दिया। उनके निधन से प्रदेश की अंग्रेजी पत्रकारिता में महत्वपूर्ण स्थान रिक्त हो गया, सांसद विवेक तनखा ने कहा कि हंसमुख और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी अंशुमान भार्गव को पत्रकारिता की गहरी समझ थी। उन्होंने सामाजिक और जनजीवन से सरोकार रखने वाले मुद्दों को अपने लेखन में शामिल किया। महाकौशल के विकास की बुनियादी आवश्यकताओं पर उन्होंने अनेक बार आर्टिकल लिखे और शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। वे इंग्लिश अखबार के सम्पादक होने के बावजूद आम आदमी से जुड़ाव रखते थे। जिस किसी से मिलते, उसे प्रभावित कर लेने का हुनर भी उनके पास था। श्री तनखा ने कहा कि अंशुमान मेरे काफी करीब था। उसकी मुस्कुराहट, बात करने का अंदाज निराला था। उसका इस तरह दुनिया से जाना, सहसा विश्वास नहीं होता। अंशुमान भार्गव का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्री चरणों मे स्थान दे तथा उनके परिवार को यह पहाड़ जैसा दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



