बकायादारों के विरूद्ध हुई कुर्की की कार्रवाई

निगमायुक्त ने सभी संभागीय अधिकारियों को कुर्की अभियान चलाने दिये निर्देश
जबलपुर दर्पण। निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के द्वारा राजस्व वसूली अभियान संभागवार एवं वार्डवार चलाया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा करदाताओं के घर-घर दस्तक देकर बकाया करों की राशि जमा करने के संबंध में लगातार सुबह से लेकर शाम तक प्रेरित किया जा रहा है। शहर के सभी करदाताओं को इसके पहले देयक भी वितरण किये गए हैं और अभी उन्हें बकाया करों की राशि जमा करने लगातार राजस्व विभाग एवं संभागीय कार्यालयों के द्वारा सम्पर्क के साथ-साथ सूचना भी दी जा रही है। इन सब सुविधाओं के बाद भी जिन करदाताओं के द्वारा बकाया करों की राशि जमा करने में हीलाहवाली की जा रही है उनके विरूद्ध कुर्की और नल काटने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कार्रवाई के अंतर्गत आज संभाग क्रमांक 9 लालमाटी में 5 और 11 राजागोकुलदास धर्मशाला में 3 कुल 8 बड़े बकायादारों के विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई की गयी वहीं जल शुल्क न देने वाले 8 जल उपभोक्ताओं के भी नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गयी। कुर्की एवं नल काटने की कार्रवाई के संबंध में संभागीय अधिकारी चेतना चौधरी, विजय वर्मा ने बताया कि निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार संभाग के अंतर्गत आने वाले वार्डो में राजस्व वसूली अभियान सघनतापूर्वक चलाया जा रहा है। करदाताओं के यहॉं घर-घर सम्पर्क किया जाकर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है। इन सबके बावजूद भी कई ऐसे बकायादार है जिनके द्वारा लगातार निगम की सूचनाओं को नजरअंदाज कर बकाया करों की राशि जमा नहीं की जा रही है। ऐसे बकायादारों के विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई के साथ साथ नल कनेक्शन काटने की भी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के अंतर्गत आज संभाग के अंतर्गत आने वाले 5 बड़े बकायादारों की सम्पत्तियॉं कुर्क की और अन्य 5 करदाताओं के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गयी। कार्रवाई के समय राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र राजपूत, भोला सिंह ठाकुर, गणेश पटैल आदि आदि उपस्थित रहे।



