इग्नू के उपाधि और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि है 31 मार्च

जबलपुर दर्पण। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने जनवरी’2022 सत्र के सभी मास्टर्स, बैचलर उपाधि और डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तारीख को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है. ध्यातव्य है कि इग्नू के सर्टिफिकेट और सेमेस्टर प्रणाली वाले पाठ्यक्रमों के लिए अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है, अब केवल उपाधि और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश लिया जा सकता है. इग्नू देश का एकमात्र राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय है जिसके देश भर में क्षेत्रीय केंद्र और अध्ययन केंद्र हैं और जिसकी उपाधियाँ यू.जी.सी. और अन्य नियामक संस्थानों से पूरी तरह मान्यता प्राप्त हैं। इग्नू में मुक्त और दूरस्थ प्रणाली से सभी प्रमुख विषयों में उपाधि पाठ्यक्रम तो हैं ही साथ ही अनेक उपयोगी क्षेत्रों में डिप्लोमा और स्नातकोत्तर डिप्लोमा आदि के लिए भी ऑनलाइन आवेदन का विकल्प है. महिला सशक्तिकरण, बाल्यावस्था देखभाल, स्वास्थ्य और पोषण, पर्यटन अध्ययन, अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय प्रबंधन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, अनुवाद अध्ययन, साइबर सिक्युरिटी, आदि सभी प्रमुख क्षेत्रों में डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।



