स्वास्थ्य मेले का हुआ आयोजन

जबलपुर दर्पण। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में आयोजित किये जा रहे विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेलों की श्रृखंला में आज मझौली में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में 1 हजार 702 लोगों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक श्री अजय विश्नोई ने किया। उन्होंने मेले में स्वास्थ्य परीक्षण कराने आये लोगों से चर्चा की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। श्री विश्नोई ने स्वास्थ्य मेले में लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। शिविर के उद्घाटन के अवसर पर सीएमएचओ डॉ रत्नेश कुररिया भी मौजूद थे।
विकासखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेले में कुल 1 हजार 702 लोगों का पंजीयन किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर उन्हें उपचार दिया गया। स्वास्थ्य मेले में नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की जाँच भी की गई तथा उनका टीकाकरण किया गया। मेले में 653 लोगों की डिजिटल हेल्थ आईडी बनाई गई तथा 13 आयुष्मान कार्ड बनाये गये।
स्वास्थ्य मेले में रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इसमें 6 व्यक्तियों ने रक्तदान का पुनीत कार्य किया। स्वास्थ्य मेले के आयोजन के उद्घाटन के अवसर पर श्री राजेन्द्र चौरसिया, राजेश राय, दिनेश चौरसिया, मुकेश सेन, उर्मिला दाहिया, संगीता राजपूत, मनोरंजन राय, हेमंत मिश्रा, पिंटू सेंगर, अंगद पटैल, धर्मेन्द्र पटैल, महेन्द्र ठाकुर, बीएमओ डॉ. पारस ठाकुर, डॉ धीरज धवंडे, डॉ शत्रुघन दाहिया, डॉ राकेश पहाड़िया एवं महिला बाल विकास, पंचायत तथा समाजिक न्याय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मेले में विशेषज्ञ द्वारा समस्त स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गई साथ ही दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। पैथोलॉजी जांच भी निःशुल्क की गई। स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद, होम्योपेथी एवं यूनानी पद्धति के चिकित्सा विशेषज्ञ ने भी लोगों को उपचार दिया। चलित खाद्य प्रयोगशाला, दिव्यांगजन स्वास्थ्य सेवाऐं, ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन सेवायें का लाभ भी ग्रामीण क्षेत्रों से आये मरीजों को दिया गया। इस अवसर पर विधायक श्री विश्नोई द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझौली में नवनिर्मित एनबीएसयू यूनिट का उद्घाटन भी किया गया।



