प्रदेश में पहली बार अति उच्चदाब विद्युत सबस्टेशन हुआ ऊर्जीकृत
जबलपुर दर्पण। आजादी के अमृत महोत्सव अवसर पर मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण बडी सफलता हासिल की है। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के नवनिर्मित अति उच्चदाब सबस्टेशनों को रिमोट से संचालित करने की महत्वकांक्षी योजना के तहत गत दिवस कुल 48.26 करोड की लागत से निर्मित 132 के.व्ही. सबस्टेशन ढीमरखेडा (मुरवारी) को मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार रिमोट (हयूमन मशीन इंटरफेस) के जरिये ऊर्जीकृत किया गया। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने 132 के.व्ही. ढ़ीमरखेडा सबस्टेशन को 50 एम.व्ही.ए. क्षमता के पॉवर ट्रांसफार्मर के साथ नवाचार करते हुये रिमोट के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता प्राप्त की है, और अब इस नवाचार को मध्यप्रदेश में निर्मित होने वाले प्रत्येक नये सबस्टेशन में ट्रांसमिशन कंपनी आवश्यकतानुसार लागू कर पायेगी। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ,ढ़ीमरखेडा सबस्टेशन में मिली प्रांरभिक सफलता के बाद इस सबस्टेशन को मानव रहित संचालन के तहत विकसित कर रहा है, जो कि जबलपुर स्थित मास्टर कंट्रोल रूम से भी संचालित किया जा सकेगा।



