प्रदेश का पहला 500 एमव्हीए ट्रांसफार्मर भोपाल में हुआ ऊर्जीकृत

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने नवाचार करते हुए मध्य प्रदेश के अपने ट्रांसमिशन नेटवर्क में लगभग 25 करोड़ की अनुमानित लागत से पहली बार 500 एमव्हीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर को स्थापित किया है। गत दिवस 400 के व्ही सबस्टेशन भोपाल में इस विशेष डिजाइन से तैयार करवाये गये 500 एमव्हीए के पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 400 के व्ही सबस्टेशन भोपाल में 400/220/132 के व्ही के 315 एम व्ही ए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के लिये लगने वाले स्थान पर ही विशेष डिजाइन से तैयार हुए मेसर्स टी एण्ड आर द्वारा निर्मित इस 500 एम व्ही ए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर को स्थापित किया है।
मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता श्री राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक 400 के व्ही सबस्टेशनों में परंपरागत 315 एम व्ही ए के पावर ट्रांसफार्मर लगाये जाते रहे है। जिसके स्थान पर पहली बार 500 एम व्ही ए क्षमता का यह पहला पावर ट्रांसफार्मर है जिसे शासन की ज्यादा से ज्यादा नवाचार अपनाने की मंशा के तहत स्थापित किया गया है। राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि क्योंकि यह ट्रांसफार्मर प्रथम बार खरीदा जा रहा था अतः इसकी तकनीकी बारीकियों का अध्ययन एवं खरीदने हेतु टेंडर के महत्वपूर्ण तकनीकी पैरामीटर बनाने में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता श्री इकबाल खान ने महती भूमिका अदा की।



