निशान साहिब के साथ शहीदी दिवस का हुआ आगाज

जबलपुर दर्पण । गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार गोरखपुर में श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के सृजक, पंचम पातशाह श्री गुरुअर्जनदेव जी के पवित्र शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में साध संगत श्रद्धा भक्ति और आस्था के साथ कारसेवा द्वारा बसंती निशान साहिब लहराकर पांच दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज किया। श्रीमती कुलवन्त कौर सलूजा परिवार ने चोला साहिब अर्पण करने का सुयश प्राप्त किया और अमरजीत सिंह बेदी, गुरमीत सिंह अहलुवालिया, अमृतपाल सिंह चौपड़ा, एड अवतार सिंह, दलजीत सिंह बसूर, देविंदर कौर सोबती, हरदीप सिंह परमार एवं अमरीक सिंह विरदी आदि परिवारों द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्रृंखलाबद्ध अखण्डपाठ रखवाये गए । इस मौके पर मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरजीत सिंह खालसा एवं रागी जत्था भाई बलजीत सिंह एवं साजिंदे साथियों ने गुरुवाणी शबद कीर्तन, अरदास एवं मुख वाक् आदेश श्रवण करवाया। प्रधानसाहब रजिंदर सिंह छावड़ा ने आभार व्यक्त किया और मनप्रीत सिंह आहूजा मिक्की ने संचालन किया । सिख समाज के मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह भोगल ने बताया कि मुख्य आयोजन 18 जून को गोरखपुर में होगा । इसके पूर्व 17 जून की रात्रि 7 बजे से अर्धरात्रि 11.30 बजे तक प्रथम कीर्तन दरबार लगेगा । इसमें श्री दरबार साहिब अमृतसर स्वर्णमंदिर पंजाब केमशहूर हुजूरी रागी जत्था भाई जरनैलसिंह, कोहारका एवं गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी मनदीप सिंह संगरूर सहित अनेक विद्वतजन शिरकत करेंगे। शहीदी दिवस के तहत संस्कारधानी जबलपुर सहित देश विदेश के समस्त गुरुद्वारों में मात्रशक्ति द्वारा गुरु अर्जन देव जी द्वारा रचित एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल पवित्र गुरुवाणी श्रीसुखमणीसाहिब का 40 दिवसीय पाठ प्रतिदिन किया जा रहा है।



