लश्कर ए तैयबा के लिए टेरर फंडिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।
कुछ बड़े करने की फ़िराक में था लश्कर।
जबलपुर दर्पण/ श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने शनिवार को लश्कर ए तैयबा के लिए टेरर फंडिंग (Terror Funding) करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले पर पुलिस महानिरीक्षण (IG) मुकेश सिंह ने कहा कि ये लोग टेरर फंडिंग के माध्यम से आतंकी संगठन लश्कर की मदद करते थे. लश्कर इनके माध्यम से भविष्य में किसी बड़े हमले की योजना भी बना रहा था। आईजी मुकेश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, ‘हमें जानकारी मिली थी कि जम्मू में एक टेरर फाइनैंसिंग ग्रुप लश्कर ए तैयबा की मदद कर रहा है. इनपुट के आधार पर जम्मू की एसओजी टीम ने मुदासिर फारूक भट नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया. एसओजी की पूछताछ में मुदासिर ने लश्कर से संबंध होने की बात कबूल की.’ मुकेश सिंह ने बताया, ‘मुदासिर फारूक भट से मिली जानकारी के आधार पर एसओजी ने लश्कर से जुड़े पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया. जिनमें तौकीर अहमद भट, आसिफ भट, खालिद लतीफ भट, गाजी इकबाल और तारिक हुसैन हैं. इन पांचों लोगों से भी टेरर फंडिंग के मामले में पूछताछ की जा रही है।
आईजी मुकेश सिंह ने कहा कि अभी तक की पूछताछ में ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है कि लश्कर 15 अगस्त को लेकर कोई साजिश रच रहा है. हालांकि यह जानकारी मिली है कि यह लोग कश्मीर घाटी में दोबारा आतंकी गतिविधियों को सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे. कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधि को लेकर इनका कोई बड़ा प्लान था। बता दें कि आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों और जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से लगातार चलाए जा रहे अभियान का असर अब दिखने लगा है. अभी तक त्राल समेत जम्मू कश्मीर के कई इलाके आतंकी मुक्त हो चुके हैं. वहीं जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में भी बेहद कमी आई है. ऐसा कई महीने बाद हुआ है कि जब जम्मू कश्मीर में दो सप्ताह के दौरान किसी तरह की आतंकी घटना का पता नहीं चला है. इससे पहले 25 जुलाई को श्रीनगर के बाहरी इलाके रनबीरगढ़ में भारतीय सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए. उसके बाद आज आतंकी संगठन से संबंधित छह लोग गिरफ्तार हुए हैं।



