टोरंटो, कनाडा में आजादी मनाया आजादी का अमृत महोत्सव पर्व
कनाडा। टोरंटो में आजादी का अमृत महोत्सव के परिप्रेक्ष्य में विगत 21 अगस्त 2022 को नाथन फिलिप स्कवायर, डाउन टाउन से देशभक्ति से ओतप्रोत विशाल झाकियों का जलूस निकाला गया। जलूस में भारत के विभिन्न प्रांतों की मन मोहक झलक उनके वेशभूषा और ढोल नगाड़ों के साथ दिखाई दे रहीं थी। पूरे मार्ग में 35 से 40 फीट तक के ट्राले पर झाकियों की मन मोहक छटा बिखर रही थी, जिसे देख कर भारतीय जन समूह व स्थानीय लोग आनंद की अनुभूति करते दिखाई दिए। चल समारोह में “विश्व हिन्दी संस्थान” की भी झाँकी श्री सरन घई जी के संयोजन में कवियों के काव्य पाठ के साथ प्रदर्शित की गई थी, जिसमें जबलपुर के श्री मनोज शुक्ला मनोज विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्व हिंदी संस्थान द्वारा जलेबी और समोसों का वितरण सारे मार्ग में किया जाता रहा जिसका लुत्फ राह चलते सभी लोग उठा रहे थे। मंच पर सरन घई जी के साथ जबलपुर के मनोज कुमार शुक्ल और समीर लाल के साथ संदीप त्यागी, भल्ला, मीना और अनेक कनाडा के कवियों ने देश भक्ति की रचनाओं का काव्य पाठ किया। प्रवासी भारतीयों का उत्साह देख कर अन्य देशों के लोग भी जोशोखरोस के साथ नारे लगा रहे थे। सड़कों के दोनों ओर खड़े दर्शकों द्वारा भारत माता की जय, वंदेमातरम् , जय हिंद के उद्घोष कर रहे थे, जो कनाडा की धरती पर उनकी सहभागिता का परिचायक है। झाँकियाँ में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, केरल, कर्नाटक आदि अनेक प्रांतों का नेतृत्व महाराष्ट्र की परंपरागत झंडे, वेशभूषा एवं ढोल के साथ जिसमें दो फिल्मी कलाकार राहुल देव और एक अभिनेत्री दिख रही थी। यह कोई सरकारी आयोजन नहीं वरन प्रवासी भारतीयों के मेहनत का परिणाम था जिसमें उनका आर्थिक सहयोग उत्साह के साथ ही देश प्रेम के प्रति समर्पण भाव छिपा स्पष्ट दिखाई दे रहा था। कनाडा से मनोज कुमार शुक्ल ‘मनोज’ द्वारा प्रेषित प्रेस विज्ञप्ति।



