अंकुर अभियान के तहत वृक्षारोपण कर वायुदूत एप्स में करें अपलोड : कलेक्टर

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देश
डिंडौरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि अंकुर अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को वृक्षारोपण कर वायुदूत एप्स में अपलोड करना होगा, उन्होंने अंकुर अभियान के वृक्षारोपण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाडी केन्द्रों, ग्राम पंचायत भवन एवं शासकीय कार्यालय परिसर या भवनों में वृक्षारोपण कर वायुदूत एप में अपलोड करना होगा। कलेक्टर श्री झा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभागीय कार्यां की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान अंकुर अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण नहीं करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला आबकारी अधिकारी डिंडौरी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजू अरूण कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रमेश मरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉक्टर संतोष शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी राघवेन्द्र मिश्रा, उप महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र राधिका कुसरो, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर राजकुमार डोंगरे सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर श्री झा ने नगर पंचायत डिंडौरी और शहपुरा में स्वच्छता अभियान को जारी रखने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि नगर पंचायतें साफ-सुथरे और स्वच्छ होने चाहिए। सड़क किनारे या किसी भी वार्ड में गंदगी व कूड़ा करकट जमा नहीं होना चाहिए। नगर पंचायत में स्वच्छता वाहन से नियमित रूप से कचरा उठाने का कार्य किया जाए। उन्होंने कचरा फैलाने या खुले में शौंच करने वालें लोगों पर कार्रवाई करने को कहा है।



