दहेज प्रताड़ना केस वापस लेने से इनकार करने पर पति ने महिला पर लाठी से किया हमला

सतना जबलपुर दर्पण । सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला पर उसके पति ने लाठी से हमला कर दिया। महिला प्रभा सेन पहले से दहेज प्रताड़ना के केस में अपने पति के खिलाफ शिकायत कर चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि केस वापस न लेने पर हमला किया गया। घटना के बाद प्रभा सेन को पहले उचेहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया। छह साल पहले हुई थी शादी प्रभा सेन की शादी छह साल पहले विनय सेन से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, विवाद की वजह प्रभा के पिता श्यामलाल सेन की सरकारी नौकरी और उसकी सैलरी थी। ससुराल पक्ष प्रभा से दुकान खोलने के लिए पैसे मांगता था। मना करने पर मारपीट की जाती थी। रिकॉर्ड करना चाहता था सुलह की बात प्रभा के परिवार ने बताया, 15 मई को विनय सेन उसे मायके से वापस ले गया था। 9 जून की सुबह वह प्रभा से सुलह की बात कहलवाने के लिए दबाव बना रहा था और इसकी रिकॉर्डिंग भी करना चाहता था। जब प्रभा ने मना कर दिया, तो उस पर लाठी से हमला कर दिया। प्रभा की बहन अलंकृता सेन ने बताया, जब मैंने बीच-बचाव किया, तो मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। ससुर रामकिशोर सेन, जेठ विनोद सेन, पति विनय सेन और देवर रामानंद सेन सुबह से केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने शुरू की जांच टीआई सतीश मिश्रा ने बताया घायल का कथन लेते हुए मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पहले भी दर्ज हो चुकी थी शिकायत प्रभा ने पहले थाने में शिकायत की थी, जो बाद में कोर्ट तक पहुंची। रविवार की घटना उसी केस को वापस न लेने की वजह से हुई। इस घर में प्रभा की बहन अलंकृता की भी शादी हुई है।



