पटना में विपक्षी दलों की बैठक

पटना । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारके लिए शुक्रवार का दिन अहम होने जा रहा है। पटना में नीतीश कुमार के आवास पर विपक्ष दलों के बड़े नेता जुटेंगे और 2024 में मोदी और भाजपा को हराने के लिए रणनीति बनेगी। नीतीश कुमार को इस बैठक से बड़ी उम्मीद है, क्योंकि वो कह चुके हैं कि यदि सभी दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा तो भाजपा को 100 सीटें भी नहीं मिलेंगी। पूरे देश की नजर इस पर टिकी है कि बैठक में कौन-कौन से बड़े नेता शामिल होंगे और क्या सभी मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमत होंगे?
बैठक से पहले बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा, ऐसे कई नेता हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अधिक अनुभवी हैं और बैठक में हर कोई अपनी राय रखेगा। यह बैठक आने वाले दिनों में चुनाव में बदलाव की दिशा तय करेगी। बदलाव समय की मांग है क्योंकि लोगों के मुद्दों को सामने लाने की जरूरत है। अगला आम चुनाव लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए।



