मनोहारी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित संग्राम सागर 26 अप्रैल को होगा लोकार्पित : राकेश सिंह

जबलपुर दर्पण। शहर के मध्य स्थित ऐतेहासिक संग्राम सागर तालाब का सौंदर्य अब निखर कर आकर्षक और मनोहारी पर्यटन स्थल के रूप में नज़र आने लगा है और शेष कार्य पूर्ण कर इसका लोकार्पण आगमी 26 अप्रैल को किया जाएगा यह बात सांसद श्री राकेश सिंह ने संग्राम सागर के निरीक्षण के दौरान कही। साँसद श्री सिंह के साथ राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक अशोक रोहाणी, कलेक्टर सौरभ सुमन एवँ नगर निगम कमिश्नर स्वप्निल वानखेड़े उपस्थित थे। गौरतलब है कि सांसद श्री सिंह ने संग्राम सागर को पर्यटन के मेगा सर्किट में शामिल कराया था ताकि इसे आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके और तब इसके विकास की कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्य प्रारंभ हुआ था अब इसका निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है और इसका लोकार्पण कर इसे पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। साँसद श्री सिंह ने इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कहा जबलपुर के 52 ताल- तलैयों में से एक संग्राम सागर तालाब जिसे गौंड काल में राजा संग्राम सागर ने बनवाया था और ब्रिटिश काल में इसे जबलपुर का एयर कंडीशनर भी कहा जाता था यह स्थल चारो ओर से पहाड़ियों से घिरे होने के कारण अत्यंत रमणीक स्थल है इसी के मद्दे नजर इसे पर्यटन के मेगा सर्किट में शामिल कराया था और प्रारम्भ में इसकी साफ़ सफाई के लिए 9 दिनों तक सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओ के साथ श्रमदान भी किया गया था। श्री सिंह ने कहा पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने बनाई गई परियोजना के अनुरूप केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा 1 करोड़ 52 लाख रूपये की राशि मेगा सर्किट से स्वीकृत कराई थी जिससे 1 करोड़ 22 लाख की लागत से कार्य सम्पन्न कराये गए इसके पूर्व सांसद मद से 30 लाख रुपये इसके सौंदर्यीकरण हेतु दिए गए थे जिससे इसके सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किये है। सांसद श्री सिंह ने संग्राम सागर का निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि शेष कार्य शीघ्र करा कर 26 अप्रैल को लोकार्पण के साथ ही इसे पर्यटकों के लिए खोला जाए। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, अभिलाष पांडे, पंकज दुबे, पूर्व पार्षद हृदेश राजपूत, राजीव बेंटिया राजेश जैन सीए, पार्षद जीतू कटारे, संजय नाहतकर, अभय नायक, राकेश गोल्हानी आदि उपस्थित थे।



