डी.एम. जैन महाविद्यालय में वायुसेना दिवस पर कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम

जबलपुर दर्पण । डी.एम. जैन महाविद्यालय में आज 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. एच.एन. मिश्रा ने की, जबकि मार्गदर्शन स्वामी विवेकानंद कैरियर प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. शिखा ताम्रकार द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों को वायुसेना में कैरियर विकल्पों और भर्ती प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने बताया कि एयरमैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षा शामिल है।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शैलेश जैन ने प्रेरणादायक भाषण देते हुए छात्रों को वायुसेना सामान्य परीक्षा, चयन बोर्ड प्रक्रिया और साक्षात्कार के बारे में समझाया। उन्होंने वायुसेना के पराक्रम, साहस और देश सेवा की भावना पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त, छात्रों को वायुसेना से संबंधित डॉक्यूमेंट जानकारी और फिल्म स्क्रीनिंग के माध्यम से भी जागरूक किया गया।



