एंटी रैबीज इंजेक्शन लगने के बाद हुई बच्ची की मृत्यु पर कार्यवाही कर प्रतिवेदन दो- आयोग

जबलपुर दर्पण । जिले के ग्राम मझगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगने के बाद 2 साल की एक मासूम बच्ची की मृत्यु होने की घटना सामने आई है। मझगवां निवासी दिनेश वंशकार की 2 साल की मासूम बच्ची को गत दिनों एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिये स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्ची को रेबीज से बचाव के लिये इंजेक्शन लगाया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत और बिगड़ने लगी तत्पश्चात इलाज के दौरान बच्ची की मृत्यु हो गई। मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर मामले को जनहित में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्यपीठ भोपाल में प्रकरण में सुनवाई करते हुए आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकारो के हनन का मामला मानकर, जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।


