हैंडपंप के रास्ते से कब्जा हटवाने में नाकाम रहा प्रशासन, बन गई विवाद की स्थिति

डिंडोरी जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद मुख्यालय समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदरानी गांव में एक कथित व्यक्ति द्वारा सरकारी हैंडपंप के रास्ते को कब्जा कर रखा है,जिससे ग्रामीणों को सार्वजनिक नल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है,पानी भरने पहुंचे ग्रामीणों से कथित व्यक्ति द्वारा लड़ाई झगड़ा भी लगातार किया जा रहा है। मामले को लेकर समस्या को देखते हुए दैनिक जबलपुर दर्पण अखबार ने, रास्ता को बंद कर सरकारी हैंडपंप पर किया कब्जा, शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, बावजूद जिम्मेदार शासन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बताया गया कि लंबे समय से बनी समस्या का समाधान ना होने से परेशान स्थानीय ग्रामीणों ने रास्ते से कब्जा हटाने लामबंद हो गए और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जमा होकर कब्जा हटाने के लिए मौके पर एकत्रित हो गए। काफी देर तक हंगामा होने के बाद भी दोनों पक्ष मानने को तैयार नहीं हुए, बढ़ते हंगामा को देख जानकारी के बाद घटनास्थल पर समनापुर थाने की पुलिस भी पहुंची, तब कहीं जाकर काफी देर बाद मामला शांत हो पाया, घटना के बाद दोनों पक्ष अब समनापुर थाने पहुंच कर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है। गौरतलब है कि ग्रामीण अंचलों के अधिकतर सरकारी जमीनों में ग्रामीणों के अवैध कब्जे हैं, जिसे हटाने शासन-प्रशासन द्वारा शिकायतों के बाद भी कार्यवाही नहीं कर रहा, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। कल मंगलवार को प्रशासन की नाकामी की वजह से स्थानीय ग्रामीण जब कब्जा हटाने लामबंद हुए तो विवाद की स्थिति बन गई, अब मामले में पुलिस जांच कर रही है। मामले को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिरकार मामला संज्ञान में आने के बाद भी विभागीय अमला अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही क्यों नहीं कर रहा, जबकि जिले भर के शासकीय जमीनों में बेतहाशा अतिक्रमण करने का सिलसिला जारी है।



