अजाक थाने में वैकल्पिक महिला थाना का हुआ शुभारंभ,हिंसाओं पर लगेगी लगाम

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। जिले में अजाक थाने के पास महिला थाना का शुभारंभ कल गुरुवार को कर दिया गया, जिससे महिलाओं के ऊपर घरेलू हिंसा पर लगाम लग सकेगी। बताया गया कि अपराधों का शिकार महिलाओं के लिए अलग से महिला थाना की स्थापना गुरुवार को अजाक थाना परिसर में वैकल्पिक तौर पर की गई है।कल गुरुवार की सुबह मुख्य न्यायाधीश न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता ईवनाती, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह सहित अधिकारीयों की मौजूदगी में पुलिस अधीक्षक रवि प्रकाश कोल ने दीप प्रज्वलित कर महिला थाने का उद्घाटन किया। वर्तमान में महिला थाना की कमान महिला निरीक्षक नर्मदा सिंद्राम को सौंपी गई है। कार्यक्रम के दौरान एसपी संजय सिंह, कलेक्टर रत्नाकर ने महिला अपराधों के निराकरण की दिशा में महिला थाना को जरूरी बताया है। अधिकारियों ने नारी शक्ति के सम्मान की अपील करते हुए समाज में महिलाओं और बच्चों के साथ हो रही हिंसा पर चिंता भी जाहिर की एवं सामूहिक सहभागिता और जन जागरूकता पर बल दिया गया। गौरतलब है कि पूर्व में प्रदेश के मात्र 10 जिलों में महिला थाना संचालित थी, लेकिन शासन के निर्देश के बाद अब गुरुवार एक जुलाई से प्रदेश के अन्य 42 जिलों में भी महिला थाना स्थापित कर दिए गए हैं। उद्घाटन कार्यक्रम समारोह के दौरान रक्षित निरीक्षक संध्या ठाकुर, नगर निरीक्षक चंद्र किशोर सिरामे, विशेष निरीक्षक राजेंद्र विसेन, महिला थाना प्रभारी नर्मदा सिन्द्राम, सहित अन्य पुलिस अमला मौजूद रहा।



