सीएम हेल्पलाइन की जुलाई माह की ग्रेडिंग में जबलपुर ने लहराया प्रदेश में परचम

जबलपुर दर्पण। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जबलपुर जिले ने जुलाई माह की ग्रेडिंग में बड़ी उपलब्धि हासिल की है । लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा आज मंगलवार को जारी की गई जुलाई माह की ग्रेडिंग में 83.76 वेटेज अंक प्राप्त कर जबलपुर जिले ने प्रथम समूह के जिलों के साथ-साथ ओव्हर आल रैंकिंग में भी ए रेटिंग के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है ।
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने सीएम हेल्प लाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जुलाई माह की ग्रेडिंग में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करने पर सभी विभागों के जिला अधिकारियों को बधाई दी है ।
लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी जुलाई माह की ग्रेडिंग में जबलपुर जिले के साथ-साथ नगर निगम जबलपुर ने भी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में 97.94 वेटेज अंक प्राप्त कर प्रदेश की सभी 16 नगर निगमों में पहला स्थान प्राप्त किया है । जबलपुर पुलिस ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुये जुलाई माह की सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में 87.62 वेटेज अंक प्राप्त कर प्रदेश के प्रथम समूह में शामिल जिलों में पहला स्थान हासिल किया है । वहीं जिला पंचायत जबलपुर ने द्वितीय समूह के जिलों में 93.33 वेटेज अंक प्राप्त कर ए रेटिंग के साथ इंदौर के बाद प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है ।



