नेशनल फुटबाॅल चैम्पियनशिप के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराये स्मार्ट सिटीः तरुण भनोत

जबलपुर दर्पण। विदित हो कि जबलपुर के इतिहास में पहली बार हीरो जूनियर बॉय्ज नेशनल फुटबॉल चैम्पियनशिप डॉ बीसी रॉय ट्रॉफी-2023 का आयोजन दिनांक 24 सितंबर से 11 अक्टूबर के मध्य होना प्रस्तावित है, जिसके लिए मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के द्वारा स्मार्ट सिटी जबलपुर से राइट टाउन स्टेडियम में आयोजन हेतु नवनिर्मित फुटबॉल ग्राउन्ड की मांग की गई थी। किन्तु, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि फुटबॉल ग्राउन्ड का कार्य पूरा हो जाने के बावजूद भी सीईओ स्मार्ट सिटी द्वारा एसोसिएशन को ग्राउन्ड उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया गया है। प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक श्री तरुण भनोत द्वारा स्मार्ट सिटी जबलपुर का खेल के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया गया हैं।
श्री भनोत ने बताया कि फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें दूरभाष पर हुई चर्चा में बताया कि जबलपुर के इतिहास में पहली बार अन्डर-17 जूनियर बॉय्ज की राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमे देश के 22 प्रदेशों के फुटबॉल खिलाड़ी भाग लेने वाले हैं। राष्ट्रीय स्तर के ऐसे वृहद आयोजन से जबलपुर को खेल जगत में एक प्रतिष्ठित स्थान मिलेगा साथ ही आयोजन से जबलपुर को व्यापारिक और आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा।
श्री भनोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए बताया कि पिछले 18 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है लेकिन जबलपुर के साथ सरकार की उदासीनता और भेदभाव का परोक्ष उदाहरण है कि आजतक जबलपुर में अंतराष्ट्रीय स्तर का एक भी स्टेडियम नही बनाया गया बल्कि सभी चुनावों में भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधि खेल स्टेडियम को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते है और चुनाव होते ही उनकी घोषणाएं फिर अगले पाँच साल के लिए ठंडे बस्ते में डाल दिए जाते हैं।
श्री भनोत ने स्मार्ट सिटी और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि राष्ट्रीय स्तर फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए एसोसिएशन द्वारा मांगे गए राइट टाउन स्टेडियम को तत्काल उपलब्ध कराया जाएं, अन्यथा उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मैदान उपलब्ध नही कराये जाने से इस वृहद और राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को रद्द किया गया तो स्थानीय प्रशासन और स्मार्ट सिटी को जनाक्रोश का सामना करना पड़ेगा।


