संस्कारधानी में विकास की उत्कृष्ठ गाथा लिखी भाजपा सरकार ने: आशीष अग्रवाल

जबलपुर दर्पण। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास एवं जन-सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जो इबारत लिखी है उसके बदले में जन आशीर्वाद यात्राओं को पूरे मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व जनसमर्थन एवं आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। प्रदेश-भर में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाली जन आशीर्वाद यात्रा अब जबलपुर आ रही है, जहां बीते सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास के नए कीर्तिमान रचने का प्रयास किया है। इसलिए संस्कारधानी में भी इस यात्रा को जनता का वैसा ही समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बुधवार को जबलपुर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।
विकास के कीर्तिमान रच रही भाजपा, घावों पर नमक छिड़कती रही कांग्रेस-प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल ने कहा कि देश-प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं और इस दौरान कई जानीमानी हस्तियों ने जबलपुर का प्रतिनिधित्व किया। लेकिन विकास के मामले में संस्कारधानी उपेक्षित ही रही। भाजपा की सरकार आने के बाद संस्कारधानी जबलपुर में विकास एवं जन सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश का दूसरा ग्लोबल स्किल पार्क जबलपुर में बनाने की घोषणा की है और इस क्षेत्र की बहुत समय से लंबित नर्मदा कॉरिडोर की मांग भी पूरी की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जबलपुर को वंदे भारत एक्सप्रेस का उपहार दिया है। इसके अलावा एयरपोर्ट का विस्तार, फलाईओवर और सड़कों के जाल जैसी कई सौगातें जबलपुर को दी हैं। कांग्रेस की सरकारों ने यहां विकास तो किया नहीं, घोटालों के घाव जरूर इस शहर को दे दिए। दिग्विजय सिंह ने जहां माढ़ोताल में करोड़ों का जमीन घोटाला किया, वहीं इसी अंचल से कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मंत्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने सौर लालटेन घोटाला कर संस्कारधानी की पवित्रता को लांछित किया था। सबसे ज्यादा दुखद तो यह है कि जब जबलपुर अपने इतिहास के भीषणतम भूकंप के कष्ट सह रहा था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सरकार ने राहत राशि के नाम पर करोड़ों रुपए की बंदरबांट कर जबलपुर के घावों पर नमक छिड़कने जैसा अपराध किया था। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इन कारनामों और भाजपा के उल्लेखनीय कामों के बीच अंतर समझ चुकी है और अब वह कभी भी कांग्रेस पर विश्वास करने की गलती नहीं दोहराएगी।
महिलाओं को सशक्त, सक्षम और स्वाबलंबी बनाना चाहती है भाजपा-श्री अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पेश किया है, जो एक अभिनंदनीय कदम है और इसके लिए में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वास्तव में महिलाओं को सशक्त, सक्षम और स्वाबलंबी बनाना चाहती है और उसकी यही सोच सरकारों की योजनाओं, निर्णयों और कदमों से प्रतिबिंबित होता रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में पहली बार एक आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद पर सुशोभित किया है। बड़ी प्रसन्नता की बात है कि जबलपुर से राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि जी को राज्यसभा के सभापति एवं भारत के उपराष्ट्रपति जी द्वारा उपाध्यक्षों के पैनल में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं की समृद्धि के लिए, उनकी उन्नति के लिए, प्रगति के लिए समर्पित है। आज देश में मध्यप्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना ने कीर्तिमान स्थापित किया है।



