सरकार के कार्यों, संगठन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओ की ताकत से लड़ेंगे चुनाव : आशीष दुबे

जबलपुर दर्पण। केंद्र और राज्य सरकार के जनहितैषी कार्यों को लेकर, हमारे संगठन के नेतृत्व में और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओ की ताकत से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा और हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अबकी बार चार सौ पार का जो नारा दिया है उसमे एक कमल का फूल हमारी जबलपुर लोकसभा का भी होगा ऐसा विश्वास व्यक्त करता हूं, यह बात भारतीय जनता पार्टी लोकसभा प्रत्याशी श्री आशीष दुबे ने जबलपुर नगर एवं ग्रामीण के कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए भाजपा कार्यालय रानीताल में कही।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने देश की 195 सीटो के साथ ही मप्र की 24 सीटो पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए है जिसमे जबलपुर लोकसभा क्षेत्र से श्री आशीष दुबे को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी बनने के बाद श्री दुबे अपने गृहग्राम से जबलपुर नगर पहुंचे और दीनदयाल चौक में भाजपा जबलपुर के कार्यकर्ताओ ने उनकी आगवानी कर स्वागत किया इसके पश्चात उन्होंने पं दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके उपरांत श्री दुबे भाजपा संभागीय कार्यालय रानीताल पहुंचे जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओ ने पहुंचकर उनका स्वागत किया।
भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में श्री आशीष दुबे ने कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए कहा मैं भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जो उन्होंने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को इतनी महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने कहा मैं कभी बड़ा नेता नही बनना चाहता बल्कि बड़ा कार्यकर्ता बनना चाहता हूं। संगठन ने जो विश्वास मुझ पर व्यक्त किया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा साथ ही आप सभी कार्यकर्ताओ को मेहनत और सहयोग से हम जबलपुर लोकसभा के हर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने के लिए एक साथ मिलकर चुनाव में कार्य करेंगे और जैसा की हमारे नेतृत्व की मंशा है कि हर बूथ में भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिले उसके लिए आप सभी कार्यकर्ताओ का पूरा सहयोग मिलेगा ऐसा विश्वास है। श्री दुबे ने कहा मैं सभी कार्यकर्ताओ को विश्वास दिलाता हूं कि मेरे किसी भी कृत्य से आपका सिर कभी झुकेगा नही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष श्री प्रभात साहू ने कहा आशीष दुबे जी जैसे कार्यकर्ता को लोकसभा का प्रत्याशी बनाकर नेतृत्व ने कार्यकर्ताओ की भावना का सम्मान किया है और मैं हमेशा कहता था की आशीष जी मैराथन दौड़ के खिलाड़ी है और लोकसभा का प्रत्याशी बनाए जाने पर यह बात सच साबित हुई है। उन्होंने कहा चुनाव सामने है और अब भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है की अपने अपने बूथ में भाजपा को विजय दिलाए और इसके लिए आज हम सभी मिलकर संकल्प लेते है की जबलपुर लोकसभा की सीट भारी मतों से जिताकर देंगे।
जबलपुर कस्बे से निकलकर महानगर की श्रेणी में आया – इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा श्री दुबे ने कहा 2004 के पहले के जबलपुर को हम देखे तो जबलपुर कस्बे और बड़े गांव के रूप में जाना जाता था और श्री राकेश सिंह जी के सांसद बनने के बाद उन्होंने अपने चार कार्यकाल में इसे विकास के रास्ते पर लाकर खड़ा किया उन्होंने जबलपुर के विकास के लिए जो सौगात दी है इसी लाइन को आगे बढ़ाते हुए जनता के आशीर्वाद से मैं भी जबलपुर के विकास के लिए कार्य करूंगा और एक विकसित महानगर के रूप में जबलपुर जाना जाए ऐसा हम सभी का प्रयास होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिकी, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पूर्व विधायक शरद जैन, नंदनी मरावी, आनंद बर्नाड, पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले, स्वाति गोडबोले, अश्वनी परांजपे, प्रशांत तिवारी गोलू, मनोरमा पटेल, राजकुमार मेहता, राज चोपड़ा, रत्नेश सोनकर, राजेश दाहिया, रजनीश यादव, राजकुमार पटेल, अभय सिंह, संदीप जैन, कमलेश अग्रवाल, आशीष पटेल, रोहित जैन, रंजीत पटेल, संदीप शुक्ला, योगेंद्र सिंह, रूपा राव, अलका गर्ग, संतोषी ठाकुर, कमलेश राजन, श्रीकांत साहू, कुमार नीरज, रवि शर्मा के साथ बड़ी संख्या में जबलपुर शहर एवं ग्रामीण के कार्यकर्ता उपस्थित थे।



