आउट सोर्स बिजली कर्मियों को जान का खतरा

जबलपुर दर्पण। बिजली विभाग में कार्यरत आउट सोर्स कर्मचारियों को विभाग द्वारा निर्धारित पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाने से इस भीषण गर्मी में काम करते समय जान का खतरा बना हुआ है, और कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। फिर भी निर्धन आउट सोर्स कर्मी अपने परिवार का पालन पोषण करने के खातिर खून के आंसू रोकर, अपनी जान जोखिम में डालकर अत्यधिक कम वेतन में भी काम करने को मजबूर हैं, और बिजली विभाग के उच्चाधिकारी इनका शोषण कर खुद मजे कर रहे है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के ग्रामीण क्षेत्रों पनागर, पिपरिया, माढ़ोताल, बरगी, चरगवां एवं अन्य सर्किल के मैदानी क्षेत्रों आउट सोर्स कर्मचारियों को भीषण धूप में बगैर सीढ़ी, दस्ताने, झूला के लोहे के गर्म खम्बों और हाईटेंसन लाइन के टावरों में चढ़ाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मैदानी क्षेत्र मे मीटर वाचकों को बगैर संसाधन के कार्य करने हेतु भेजा जा रहा है, उन्हें पीने हेतु न तो पानी उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही कोई अतिरिक्त भत्ता दिया, जबकि अधिकारी अपनी ए सी गाड़ियों में बैठे मिनरल वाटर व कोल्ड ड्रिंक्स पीते रहते है। आउट सोर्स कर्मचारियों द्वारा शिकायत करने पर उन्हें नोकरी से निकाल देने की धमकी मिलती हैं। मजबूर आउट सोर्स गरीब कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने, अतिरिक्त भत्ता पर्याप्त संसाधन व सुविधा उपलब्ध कराने व उनकी जान की रक्षा किये जाने की मांग उच्चाधिकारियों से की है।



