डॉ.एके द्विवेदी ने लिखी किताब, सीएम को की भेंट

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी के होम्योपैथी संकाय के बोर्ड ऑफ स्टडी के सदस्य और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसन्धान परिषद् आयुष मंत्रालय भारत सरकार के सदस्य, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एके द्विवेदी ने अपनी नई किताब “एनीमिया के लिए होम्योपैथी” की पहली प्रति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को गत दिवस भेंट की। डॉ द्विवेदी ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को बताया कि इस पुस्तक में कैंसर से भी गंभीर बीमारी अप्लास्टिक एनीमिया से ठीक हुए लोगों की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई है। पुस्तक का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री ने डॉ. द्विवेदी के इस प्रयास पर हर्ष व्यक्त करते हुए यह कोशिश भविष्य में भी जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस किताब से मरीजों को अलग-अलग तरह की जानलेवा एनीमिया बीमारी को समझने और उससे उबरने में बहुत मदद मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. द्विवेदी का सम्मान भी किया।
डॉ द्विवेदी ने कहा कि पहले यह भ्रांति थी कि इस चिकित्सा पद्धति की दवाइयाँ बहुत धीरे-धीरे असर करती है। इसी तरह कई लोग सोचते थे कि गंभीर बीमारियों में होम्योपैथी बहुत ज्यादा कारगर साबित नहीं होती है। लेकिन कोरोना काल में होम्योपैथी, की आर्सेनिक एल्बम जिस तरह से महामारी को मात देने में अचूक रामबाण साबित हुई, उसने इस चिकित्सा से जुड़ी सभी मिथ्या धारणाओं और भ्रांतियों को दूर कर दिया है। अब दुनिया भर में करोड़ों लोग इस पद्धति को अपनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन का आनंद उठा रहे हैं।


