पानी के लिए मचा हाहाकार कांग्रेस पार्षद दल ने किया रांझी जलशोधन संयंत्र का निरीक्षण

जबलपुर दर्पण । कांग्रेस पार्षद दल ने रांझी जलशोधन संयंत्र का गहन निरीक्षण किया और क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत को लेकर चिंता जताई। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा एवं राजेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि रांझी जलशोधन संयंत्र में सुधार कार्य चल रहे हैं, जिसके चलते रांझी, गोकलपुर, बिलपुरा, घमापुर क्षेत्रों में पानी का संकट गहरा गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन की टंकी सप्लाई पूरी तरह से विफल हो चुकी है, जिससे जनता को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। एक वार्ड में सिर्फ 3-4 ट्रिप पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है, वहीं कई अन्य वार्डों में केवल 1-2 ट्रिप पानी मिल पा रहा है। बिलपुरा और नई बस्ती क्षेत्रों में 1100 रुपये लेकर एक टैंकर पानी दिया जा रहा है, जो केवल पैसा देने वालों तक ही पहुंच रहा है। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि रांझी जलशोधन संयंत्र ठप हो जाने के कारण संपूर्ण क्षेत्र प्रभावित हो रहा है, लेकिन न महापौर, न जल प्रभारी और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पार्षद रितु राजेश यादव ने कहा कि जल संकट के समय सुधार कार्य किया जा रहा है, जबकि इसकी योजना पहले से बनाई जानी चाहिए थी। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सुधार कार्य में लगभग 10 दिन का समय लगेगा और इस बीच टैंकर सप्लाई पूरी तरह ठप हो चुकी है। आरटीओ से पानी भरा जा रहा है, लेकिन इससे आम जनता तक पानी समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। पूर्व पार्षद राजेश यादव ने कहा कि यदि शीघ्र ही इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। आज के निरीक्षण में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, राजेश यादव, उप नेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी, गुड्डु नबी, प्रमोद पटेल, राकेश पांडे, कमलेश सिंह, गौरैया यादव, गोपाल श्रीवास्तव, सतीश चौरसिया, संदीप नाभ, सुनील सोनी, संत कुमार कुशवाहा, देवेन्द्र कुशवाहा सहित कई प्रमुख नेता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कांग्रेस पार्षद दल ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं, और यदि जल संकट का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है।



