मड़वास थाना के रामपुर ढ़ाबा के समीप हुआ हादसा

सीधी जबलपुर दर्पण । चलती बस से नीचे गिरकर पिछले पहिया के नीचे आने से एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह ह्रदयविदारक नजारा देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। यह दर्दनाक हादसा जिले के मड़वास थाना अंतर्गत रामपुर ढ़ाबा के समीप आज सुबह करीब 9 बजे घटित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही जनता एक्सप्रेस बस क्रमांक एमपी 17 जेडए 8607 में मजदूर अमीर धोबी निवासी महखोर सवार था। बस के दरवाजे के समीप अमीर खड़ा था तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह चलती बस के पिछले पहिया के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि मजदूर अमीर धोबी बसों में चढऩे वाले यात्रियों का सामान चढ़ाने और उतारने का कार्य करता था। इसी मजदूरी के सहारे वह अपना जीवन-यापन करता था। आज भी वह इसी काम के लिए बस में सवार था। हादसे की सूचना मिलते ही मड़वास थाना प्रभारी केदार परौहा अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।



