डॉ. सलमा जमाल मलेशिया में सम्मानित

जबलपुर दर्पण । प्रतिष्ठित साहित्यकार, अनेक कृतियों की रचयिता डॉ. सलमा जमाल को मलेशिया में भारतीय संस्कृति संबंध परिषद एवं भाषा सहोदरी नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में सुभाषचंद्र बोस हाल कुआलालम्पुर मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मलेशिया एवं सिंगापुर के भारतीय हाई कमिश्नर श्री बी. एन. रेड्डी के मुख्य आतिथ्य में दिया गया। द्विदिवसीय अधिवेशन के तृतीय सत्र में डॉ. सलमा जमाल की अध्यक्षता में वैश्विक स्तर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति में हिंदी की भूमिका एवं वैश्विक स्तर पर हिंदी के महत्त्व पर चर्चा हुई। डॉ. जमाल ने हिन्दी के महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अधिवेशन में 70 प्रतिनिधियों ने अपने शोध पत्रों का वाचन किया, जिसमें भारत सहित अनेक देशों के प्रतिनिधि शामिल थे। डॉ. जमाल अखिल भारतीय हिंदी सेवा समिति की अध्यक्ष एवं ऑथर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की सह संयोजक हैं। इनके अतिरिक्त आप नगर और देश की अनेक संस्थाओं से सम्बद्ध हैं। आपने विविध विषयों के साथ सर्वधर्म समभाव पर केन्द्रित अनेक कृतियों का सृजन किया है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिन्दी एवं जबलपुर नगर का मान बढ़ाने वाली डॉ. सलमा जमाल के वापस नगरागमन पर पाथेय, वर्तिका, गुंजन कला सदन, मंथनश्री, अनेकांत, हिन्दी साहित्य संगम सहित अनेक संस्थाओं ने उन्हें बधाइयाँ दी हैं।



