अदम्य शौर्य एवं साहस की प्रतिमूर्ति थीं रानी दुर्गावती , भाजपा संभागीय कार्यालय में बलिदान दिवस पर अर्पित की गई पुष्पांजलि

जबलपुर दर्पण । गोंडवाना साम्राज्य की महान शासिका, वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आज भाजपा संभागीय कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके त्याग, साहस एवं नेतृत्व क्षमता को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष श्री सोनकर ने कहा, भारत के इतिहास में रानी दुर्गावती वह महान नाम हैं जिन्होंने अपने साम्राज्य की रक्षा हेतु अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया। मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाली रानी दुर्गावती मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत हैं। उनका जीवन साहस, बलिदान, संघर्ष और नारी सशक्तिकरण का प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि रानी दुर्गावती का मध्यप्रदेश से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने न केवल युद्ध कौशल में महारत हासिल की, बल्कि सामाजिक सुधारों और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका बलिदान इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, रजनीश यादव, एस.के. मुद्दीन, जय सचदेवा, रोहित जैन, रूपा राव, संतोषी ठाकुर, शिवम तिवारी, चित्रकांत शर्मा, प्रशांत केसरवानी, राहुल दुबे, आयुष चौबे सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में रानी दुर्गावती के योगदान को याद करते हुए सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उनके बलिदान को नमन किया।



