बेस्ट फ्रेंड ने ही युवती पर फेंका एसिड, ग्वारीघाट के अवधपुरी में सनसनीखेज वारदात

जबलपुर दर्पण । गहरी दोस्ती में दरार का अंजाम इतना खौफनाक होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के अवधपुरी इलाके में मंगलवार शाम एक युवती पर उसकी ही पक्की सहेली ने एसिड अटैक कर दिया। हमले में युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया और वह तड़पती रही। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उसे तत्काल रानीताल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दोस्ती से दुश्मनी तक का दर्दनाक सफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवधपुरी निवासी श्रद्धा दास और इशिता साहू के बीच वर्षों पुरानी गहरी मित्रता थी। दोनों साथ में स्कूल जाती थीं और एक-दूसरे के घर का आना-जाना भी सामान्य था। लेकिन हाल ही में श्रद्धा द्वारा नौकरी ज्वॉइन करने और निजी व्यस्तताओं के चलते वह इशिता को पहले जैसा समय नहीं दे पा रही थी। बताया जा रहा है कि श्रद्धा के पिता ने उसे एक नया आईफोन भी दिलाया था, जिससे इशिता के मन में ईर्ष्या और असंतोष की भावना घर कर गई।
एसिड फेंककर हुई फरार
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे इशिता ने श्रद्धा को उसके घर के नीचे बुलाया। जैसे ही श्रद्धा नीचे आई, इशिता ने अचानक उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से भाग गई। श्रद्धा की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवती की हालत देख सभी स्तब्ध रह गए।
मोहल्ले में पसरा मातम, रिश्तों पर उठे सवाल
इस भयावह घटना से अवधपुरी क्षेत्र में मातम छा गया है। मोहल्लेवासियों के अनुसार श्रद्धा और इशिता की दोस्ती मिसाल मानी जाती थी। लोगों को इस बात का गहरा सदमा लगा है कि इतनी करीबी मित्रता में इस प्रकार की क्रूरता भी छिपी हो सकती है।
पुलिस जांच में जुटी
ग्वारीघाट थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती इशिता को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमला केवल ईर्ष्या के चलते किया गया या इसके पीछे कोई और कारण भी था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एसिड को भी जब्त कर लिया है और एफएसएल जांच के लिए भेजा है।
आईपीसी की गंभीर धाराएं लगेंगी
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 326A (तेजाब फेंककर गंभीर नुकसान पहुंचाना) के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है।
संपर्क सूत्रों के अनुसार युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और चेहरा लगभग पूरी तरह से झुलस चुका है। चिकित्सकों की एक विशेष टीम उसकी देखरेख में लगी हुई है।



