आने वाली पीढ़ी एवं सुरक्षित भविष्य के लिए पानी की एक-एक बूंद बचाऍः सांसद श्रीमती भारती पारधी

जबलपुर दर्पण । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हर व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रहीं है। जल संरक्षण की योजना भी एक ऐसी ही योजना है जिसका संबंध हर व्यक्ति से है। वर्तमान समय में हम देख रहें है कि जल संकट बढ़ता जा रहा है। यदि हम जागरूक नहीं हुए तो हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। आने वाली पीढ़ी और सुरक्षित भविष्य के लिए हम सबको मिलकर पानी की एक-एक बूंद को बचाने और संरक्षित करने का काम करना होगा। यह बातें बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने 30 जून को सांदीपनी स्कूल बालाघाट के प्रांगण में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर उपस्थित जल समुदाय को संबोधित करते हुए कहीं। इस अवसर पर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं प्रधानमंत्री जन-मन योजना के जिला स्तरीय शिविर लगाए गए और हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री विवेक (विक्की) पटेल, कलेक्टर मृणाल मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, श्रीमती मौसम हरिनखेड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, बैहर एसडीएम अर्पित गुप्ता, नगर पालिका के पार्षद, सभी विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन व हितग्राही उपस्थित थे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अपने सम्बोधन में कहा कि जल संरक्षण के कार्यों के लिए हमें केवल सरकार के भरोसे नहीं रहना चाहिए बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग को आगे आकर अपना योगदान देना चाहिए। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बालाघाट जिले में जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सहभागिता के साथ अच्छा काम किया गया है। इस अभियान ने आमजन को सिखाया है कि हमारे सूख रहे जल स्त्रोतों को कैसे सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जाए। इस अभियान में जिला में जो कार्य किये गए है उसका लाभ आने वाले समय में मिलेगा। इस वर्ष मार्च माह में ही हमारे जिले के तालाब एवं कुऍ सूखने लगे थे। सिवनी जिले में हालात और खराब थे। हमें इस संकट को समझना होगा और समय रहते सजग होना होगा। जल संरक्षण के कार्यों के साथ ही पौधारोपण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आज जल गंगा संरक्षण अभियान का समापन हो रहा है। लेकिन यह अभियान रूकना नहीं चाहिए बल्कि निरंतर चलते रहना चाहिए।
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार सभी योजनाओं में पूरी पारदर्शिता के साथ हितग्राहियों के खातें में शत प्रतिशत राशि पहुंचा रही है। डबल इंजन की सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बालाघाट जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में यहॉ का सरकारी अमला पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहा है। प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना में सर्वाधिक हितग्राहियों को जोड़ने में देश में प्रथम रहने एवं जल गंगा संरक्षण अभियान में प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहने के लिए उन्होंने जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इस गति को बनाए रखा जाएगा।
कलेक्टर श्री मृणाल मीणा ने इस अवसर पर बताया कि बालाघाट जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अच्छा काम हुआ। इस अभियान में 16 विभागों के साथ ही जन समुदाय को भी शामिल किया गया। इस अभियान में जिले को 3900 खेत तालाब बनाने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन जिले में इसके विरूद्ध 4875 खेत-तालाब शुरू कर 125 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। इसी प्रकार कूप रिचार्ज के 1200 के लक्ष्य के विरूद्ध 1400 कूप रिॅचार्ज के काम किये गए है। अमृत सरोवर निर्माण के 25 के लक्ष्य के विरूद्ध 36 अमृत सरोवर का कार्य किया गया है। इस अभियान में जलदूत के रूप में 4100 स्वयं सेवकों को जोड़़ने का लक्ष्य दिया गया था, इस लक्ष्य के विरूद्ध जिले में 12 हजार जलदूत बनाए गए है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बैगा जनजातीय के लोगो को शत प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिलाया गया है। वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सभी पात्र लोगों को वन अधिकार पट्टे देने का काम किया जा रहा है। इसके लिए वन मित्र पोर्टल पर दर्ज आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 60 प्रतिशत आवास का कार्य पूर्ण हो चुका है। पीएम जनमन योजना में पूरे देश में 02 सड़के पूर्ण करने वाला बालाघाट पहला जिला बना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए बैगा जनजाति के लोगो को वाद्य यंत्रों का वितरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। इसमें ग्राम सर्रा की उर्मिला मड़ावी और ग्राम खैरा के आकाश उईके को जाति प्रमाण पत्र, कोचेवाही की सुनीता कुमरे को आधार कॉर्ड, ग्राम सोनखार के निजाम सिंह को पेंशन स्वीकृति, बिरसा तहसील के ग्राम सुजी की प्रिताबाई टेकाम एवं सुरतियॉ आरमों को आयुष्मान कार्ड, बैहर तहसील के ग्राम नव्ही के कुंजेलाल मरकाम को किसान क्रेडिट कॉर्ड प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन पट्टाधारी कृषक ग्राम मलधर के भद्देलाल, ब्रजलाल, परदेशी, उदेलाल, रट्टा के रोशनलाल एवं बघोली के ध्यानचंद बाहेश्वर, रंजन पंचेश्वर को रागी बीज मिनी किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान में पोस्टर प्रतियोगिता की विजेता छात्रा एमएलबी बालाघाट की संध्या टेकाम, वाद-विवाद प्रतियोगिता की विजेता ईशा पंचेश्वर, रंगोली प्रतियोगिता की विजेता उत्कृष्ट विद्यालय की कावेरी नगपुरे, कुमकुम नगपुरे, जल संरक्षण का मॉडल बनाने वाली छात्रा एमएलबी की सलोनी बिसेन को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
बैगा जनजाति के नृतक दलों को दिये गए वाद्य यंत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा की संस्कृति एवं परम्पराओं के संरक्षण के लिए विशेष निर्देश दिये गए है। इसी के परिपालन में कलेक्टर श्री मृणाल मीणा की पहल पर हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड मलाजखंड द्वारा बैगा समुदाय के पॉंच नृतक दलों को वाद्य यंत्र, श्रृंगार सामग्री एवं वेशभुषा के लिए कपड़े प्रदाय किये गए है। 30 जून को सांदीपनी स्कूल के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री विक्की पटेल, कलेक्टर श्री मृणाल मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर द्वारा बैगा नृतक दलों को यह सामग्री प्रदान की गई। वाद्य यंत्रो में मांदर, नगाड़ा, टिस्की, करताल, पैजना, चटकलियॉ, टिमकी एवं बॉंसूरी प्रदान की गई है।
विकासखंड बैहर के ग्राम सेमरखेरो के बैगा नृतक दल के 16 पुरूष व 18 महिलाऍ, बिरसा विकासखंड के ग्राम समनापुर-बांधाटोला के 16 पुरूष व 16 महिलाऍ, समनापुर-झगडाटोला के 15 पुरूष व 15 महिलाऍ, ग्राम लगमा के 10 पुरूष व 06 महिलाऍ तथा ग्राम कोरका के बैगा नृतक समूह के 18 पुरूष एवं 12 महिलाओं को वाद्य यंत्र एवं अन्य सामग्री प्रदाय की गई है। यह सामग्री पाकर बैगा नृतक दल खुश हो गए है।
सांदीपनी स्कूल प्रांगण में आयोजित इस शिविर में सिकल सेल एवं टीबी स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी। शिविर में टीबी की जॉंच के लिए 46 लोगो के एक्स-रे किये गए जिसमें 05 मरीज टीबी से ग्रसित पाए गए। 178 लोगों की सिकल सेल जॉंच की गई जिसमें 04 मरीज सिकल सेल के पाए गए। शिविर में 89 मरीजों की अन्य बीमारियों का उपचार किया गया और 04 आयुष्मान कॉर्ड बनाए गए। इस दौरान 25 लोगों की एड्स नियंत्रण काउंसिलिंग की गई तथा 109 लोगों की उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत काउंसिंलिग की गई। शिविर में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी देने के लिए एक अलग से स्टॉल लगाया गया था।
इस अवसर पर सांदीपनी स्कूल की छात्राओं द्वारा राजस्थानी नृत्य एवं बैगा जनजाति के नृतक समूहों द्वारा पारम्परिक बैगा नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर एसडीएम श्री गोपाल सोनी, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल नायक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विन उपाध्याय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती शकुंतला डामोर, सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार के श्री अजय बैस द्वारा किया गया।
खंडवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया
जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर 30 जून को खंडवा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश मंत्रीमण्डल के सदस्य, मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री तुलसी सीलावट, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। खंडवा के इस कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में सीधा प्रसारण देखा गया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्रीगण के सम्बोधन को सुना गया।



