सिवनी में ठेकेदार के कर्मचारी कर रहे मनमानी वसूली

सिवनी जबलपुर दर्पण । जिला चिकित्सालय के सामने हाथ ठेला लगाकर रोज़ी-रोटी कमाने वाले छोटे व्यापारियों को इन दिनों नगर पालिका सिवनी के ठेकेदारों के कर्मचारियों की मनमानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यवसायी मुकेश सेन ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका द्वारा तय ₹5 शुल्क की रसीद काटी जाती है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन ₹20 वसूले जा रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा बाजार का ठेका नीलामी के माध्यम से दिया गया है, जिसके तहत व्यापारियों से एक निश्चित शुल्क लिए जाने का प्रावधान है। लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक वसूली कर रहे हैं और विरोध करने पर धमकाते भी हैं।व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही महंगाई और संघर्ष के बीच रोज़गार चला रहे गरीब हाथ ठेला व्यवसायियों से इस प्रकार की अतिरिक्त वसूली अन्यायपूर्ण है। नगर पालिका की उदासीनता से ठेकेदारों को खुली छूट मिल गई है, जिससे आमजन का विश्वास प्रशासन पर डगमगा रहा है।
इस संबंध में जब नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री मस्कोले से प्रतिक्रिया ली गई, तो उन्होंने कहा, आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है। नियम अनुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों की मांग-व्यापारियों ने मांग की है कि नगर पालिका तत्काल इस अवैध वसूली पर संज्ञान ले, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, और भविष्य में शुल्क वसूली की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए। साथ ही रसीद और वसूली की राशि में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी गरीब व्यापारी का शोषण न हो। यदि शीघ्र उचित कदम नहीं उठाया गया, तो व्यापारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।



