18 घंटे लगातार बारिश से जलमग्र हुआ जिला

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले में बुधवार की शाम से आज दोपहर तक 18 घंटे हुई आफत की बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। निचले इलाकों में जल भराव होने से घरों में भी पानी भर गया। गनीमत यह रही कि दोपहर 2 बजे बारिश थमी। आकाश में उड़ते बादलों ने बारिश से कुछ समय तक लोगों को राहत प्रदान की। झमाझम बारिश होने से नदी-नाले उफान पर आ गये। पूरी रात और आज सुबह से बारिश का दौर जारी रहने से सभी नदियां और नाले उफान पर है। सेहड़ा नदी का पानी पुल के ऊपर आने से मड़वास-गिजवार मार्ग अवरूद्ध हो गया। कई ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य मार्ग से संपर्क कट चुका है। लगातार बारिश होने से नदी-नालों का जल स्तर काफी तेजी के साथ बढ़ गया। जिसके चलते मुख्य मार्गों मे भी नदी पुल के नीचे लगातार जल स्तर बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में ऐसे नदी-नाले है जिसमें पानी पुल के ऊपर से गुजरने के कारण आवागमन बाधित होने की खबरें हैं। कल शाम से तेज बारिश शुरु होने से लोगों की दिक्कतें भी बढऩा शुरू हो गई है। भारी बारिश के जारी रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रोजमर्रा के काम के सिलसिले में घर से बाहर निकले लोगों की बारिश ने मुसीबतें बढ़ाई। स्कूली छात्र-छात्राऐं भी बारिश में भीगते नजर आए। बहरी-अमिलिया मार्ग में स्थित सोन नदी के जोगदहा पुल के नीचे भी जल स्तर तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। यहां भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्व से ही प्रतिबंध लगा हुआ है। दो पहिया वाहनों को निकलने की ही अनुमति है। सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये पुलों पर पुलिस की तैनाती की गई है। जिससे कोई भी वाहन खतरे के बीच पुल को पार न कर सके। बताते चलें कि आषाढ़ के महीने के अंतिम सप्ताह से तेज बारिश का दौर रुक-रूक कर चल रहा था लेकिन सावन मास के आगाज के साथ ही तेज बारिश का दौर शुरू है। सावन के आगाज से ही बादल पूरी तरह से मेहरबान दिखे रहे हैं। सीधी जिले में झमाझम बारिश का दौर आज दोपहर तक चलता रहा। फिलहाल मौसम के रुख को देखकर आभास हो रहा है कि तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। जिले भर में घने बादलों का जमावड़ा बना है और जमकर बरस रहे हैं।
निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति –कल शाम से बारिश का सिलसिला दोपहर तक जारी रहने के कारण सीधी शहर के निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति निर्मित रही। शहर के मिश्रा कालोनी, थनहवा टोला, कोटहा, इंद्रानगर, इंद्रप्रस्थ नगर, पटेलपुल, मड़रिया, उत्तरी करौंदिया, नूतन कालोनी आदि कई क्षेत्रों में जल भराव होने से लोग परेशान नजर आए। कुछ क्षेत्रों में तो नालियों के जाम रहने से गंदा पानी और मलवा सडक़ों में बहता नजर आया। आकाश में छाए घने बादलों के चलते रात में भी तेज बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। इसी वजह से लोगों की चिंता बढ़ी हुई है कि रात में यदि तेज बारिश हुई तो किसी तरह की अनहोनी न हो जाए।



